बिलासपुर,17 सितम्बर 2026
जिला न्यायालय परिसर में बुधवार को दो वकीलों के बीच मारपीट का मामला सामने आया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से रंजिश थी। विवाद बढ़ने के बाद दोनों ने एक-दूसरे का कॉलर पकड़कर मारपीट की। कोर्ट परिसर में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ने घटना की सूचना सिविल लाइन पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों अधिवक्ताओं को थाने ले गई। वहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर काउंटर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद
सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट के मुताबिक, अधिवक्ता ओम प्रकाश बंजारे और मुकेश बंजारे बुधवार को जिला न्यायालय परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
पुलिस के अनुसार, दोनों अधिवक्ताओं के बीच पहले से किसी बात को लेकर रंजिश होने की जानकारी मिली है। दोनों पहले भीम आर्मी से जुड़े रहे हैं।
बलौदाबाजार अग्निकांड मामले का भी जिक्र
पुलिस के मुताबिक, अधिवक्ता ओम प्रकाश बंजारे का नाम बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट अग्निकांड मामले में सामने आया था। अग्निकांड के बाद प्रशासनिक कार्रवाई के तहत उन्हें जिला बदर किया गया है। इसके बावजूद बुधवार को वे बिलासपुर जिला न्यायालय परिसर में मौजूद थे, जहां उनका अधिवक्ता मुकेश बंजारे से विवाद हो गया।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

