रायपुर, 14 सितंबर 2026
गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने परिवारजनों के साथ विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाज से गणपति की स्थापना एवं पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान गणेश से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की मंगलकामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्री गणेश बुद्धि और विवेक के प्रतीक हैं। किसी भी शुभ कार्य का प्रारंभ भगवान गणेश की आराधना से करने की हमारी प्राचीन परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने वाला उत्सव भी है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति में तीज-त्योहारों और उत्सवों का विशेष महत्व है। हमारे पर्व हमें अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही परिवार और समाज को भी एक सूत्र में पिरोते हैं। गणेशोत्सव का उल्लास सामूहिकता, सद्भाव और लोकमंगल की भावना से जोड़ता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के परिवारजन, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी श्री आलोक सिंह तथा मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



