भिलाई, 14 सितंबर 2026
भिलाई के सूर्या मॉल स्थित सेंशेसन स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की शिकायत के बाद पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को स्पा सेंटर के अंदर युवतियां और अन्य लोग मौजूद मिले। हालांकि, जांच के दौरान फिलहाल किसी भी तरह की अनैतिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है।
मॉल प्रबंधन के मुताबिक, जिस परिसर में स्पा सेंटर संचालित हो रहा था, वह सोल्ड प्रॉपर्टी है और वहां पहले से ही बिजली-पानी की सप्लाई बंद है। इसके बावजूद स्पा सेंटर के अंदर लोगों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और सभी को बाहर निकाला।
संचालक और युवतियों पर बाउंड ओवर की कार्रवाई
पुलिस ने मामले में स्पा सेंटर के संचालक और वहां मिली युवतियों के खिलाफ बाउंड ओवर (मुचलका पाबंद) की कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई का उद्देश्य भविष्य में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या नियमों के उल्लंघन को रोकना है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि मौके पर जांच के दौरान अनैतिक गतिविधि के प्रमाण नहीं मिले, लेकिन संदिग्ध परिस्थितियों में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई।
स्पा सेंटरों पर पुलिस की नजर
भिलाई नगर CSP निशांत पाठक ने कहा कि शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर पुलिस की लगातार जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
यह कार्रवाई ASP सिटी शोभराज अग्रवाल के निर्देश पर की गई। पुलिस टीम में CSP निशांत पाठक, DSP (IUCAW) भारती मरकाम, सुपेला थाना प्रभारी एसएन सिंह और स्मृति नगर चौकी प्रभारी अमित अंडानी सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने दोहराया कि सेंशेसन स्पा सेंटर में फिलहाल किसी अनैतिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



