बिलासपुर,8 सितम्बर 2026

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट को तीन नए न्यायाधीश मिलने जा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की अनुशंसा के बाद राष्ट्रपति की मंजूरी मिलते ही केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय ने मंगलवार को तीनों की नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी कर दी।

अधिसूचना के अनुसार संतोष शर्मा, सुषमा सावंत और सुधीर कुमार को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। तीनों की नियुक्ति उनके संबंधित पद का कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होगी।

18 अगस्त को कॉलेजियम ने की थी अनुशंसा

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 18 अगस्त 2026 को हुई बैठक में छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के लिए तीन न्यायिक अधिकारियों के नामों की अनुशंसा की थी। कॉलेजियम के आधिकारिक रिकॉर्ड में संतोष शर्मा, सुषमा सावंत और सुधीर कुमार के नाम दर्ज हैं।

इसके बाद नियुक्ति प्रस्ताव केंद्र सरकार के कानून एवं न्याय मंत्रालय के स्तर पर प्रक्रिया में था। अब राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद औपचारिक अधिसूचना जारी होने से तीनों के हाई कोर्ट न्यायाधीश बनने का रास्ता साफ हो गया है।

कहां पदस्थ हैं तीनों न्यायिक अधिकारी?

संतोष शर्मा वर्तमान में कोरबा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर पदस्थ हैं।

वहीं सुषमा सावंत छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी, बिलासपुर की निदेशक हैं।

सुधीर कुमार वर्तमान में रायपुर के परिवार न्यायालय में प्रधान न्यायाधीश के पद पर कार्यरत हैं।

तीनों अधिकारियों के पास उच्च न्यायिक सेवा का लंबा अनुभव है। ऐसे में उनका हाई कोर्ट में पदोन्नयन न्यायिक व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बार कोटे से प्रस्तावित नामों पर भी नजर

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए बेंच और बार दोनों से नामों की प्रक्रिया चल रही थी। पहले चरण में कॉलेजियम ने तीन न्यायिक अधिकारियों के नामों की अनुशंसा की थी।

अब बार से प्रस्तावित नामों को लेकर आगे की प्रक्रिया पर भी नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts