नई दिल्ली/दुर्ग,8 सितम्बर 2026
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला PG इमारत गिरने से हुए दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में मध्य प्रदेश के देवास निवासी छात्र अर्पित जाज और छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी 20 वर्षीय युवराज सोनी भी शामिल हैं।
रक्षाबंधन मनाकर दिल्ली लौटे थे युवराज
युवराज सोनी अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। उनकी एक छोटी बहन है, जो नौवीं कक्षा में पढ़ती है। परिजनों के अनुसार युवराज रक्षाबंधन मनाने अपने घर आए थे। त्योहार के बाद वह पढ़ाई के लिए वापस दिल्ली लौटे थे। परिवार को उम्मीद थी कि युवराज पढ़ाई पूरी कर अपना बेहतर भविष्य बनाएंगे, लेकिन सत्य निकेतन हादसे ने सब कुछ बदल दिया।
हादसे में भरभराकर गिर गई पांच मंजिला इमारत
रविवार दोपहर सत्य निकेतन इलाके में स्थित पांच मंजिला PG इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रविवार और सोमवार की रातभर भी बचाव अभियान जारी रहा।
एम्स ट्रॉमा सेंटर में रखा गया पार्थिव शरीर
युवराज की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन दिल्ली पहुंचे। उनका पार्थिव शरीर एम्स ट्रॉमा सेंटर में रखा गया है। प्रशासन ने परिवार से संपर्क कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। साथ ही पार्थिव शरीर को उनके गृह जिला दुर्ग पहुंचाने में सहयोग की बात कही गई है।
करीब 50 साल पुरानी थी इमारत
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुई इमारत करीब 50 साल पुरानी थी। इमारत के बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि काम के दौरान एक पिलर अस्थिर हुआ, जिससे पूरी संरचना कमजोर पड़ गई और इमारत ढह गई। शुरुआती जांच में बेसमेंट में पानी भरने और मरम्मत कार्य को भी हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
हादसे के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और क्या इमारत की स्थिति को लेकर पहले कोई चेतावनी दी गई थी।



