रायपुर,29 अगस्त 2026

रक्षाबंधन के दिन राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। महादेव घाट पर अपनी बहन की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचे 35 वर्षीय युवक की खारुन नदी में डूबने की घटना सामने आई है। हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन देर तक युवक का पता नहीं चल सका।

मृतक की पहचान रायपुरा के सतनामी पारा निवासी युधिष्ठिर सारंग (35 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, युधिष्ठिर अपने जीजा और अन्य परिजनों के साथ बहन की अस्थियां विसर्जित करने महादेव घाट पहुंचा था। परिवार ने विधि-विधान से अस्थि विसर्जन किया। इसके बाद युधिष्ठिर नदी में नहाने के लिए उतर गया।

बताया जा रहा है कि नहाते समय वह गहरे पानी की ओर चला गया। नदी में पानी का बहाव तेज था और एनीकट के नीचे भंवर बना हुआ था। युधिष्ठिर भंवर की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया।

परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से खारुन नदी में युवक की तलाश शुरू की गई है।

फिलहाल युवक का शव बरामद नहीं हो सका है। हादसे की खबर के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts