रायपुर, 28 अगस्त 2026

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों के सम्मान का भव्य आयोजन किया जाएगा। 29 अगस्त को राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में शाम 4 बजे से राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित होगा।

समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 82 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान करेंगे। इसके साथ ही 5 टीमों के 43 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।

तीन वर्षों के लिए 125 खिलाड़ियों और खेल हस्तियों का सम्मान

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए कुल 125 उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को पुरस्कार एवं सम्मान दिए जाएंगे।

सम्मानित होने वालों को विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान और शहीद विनोद चौबे सम्मान शामिल हैं। इसके अलावा उत्कृष्ट टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी भी प्रदान की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे अध्यक्षता

राज्य खेल अलंकरण समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव करेंगे। वहीं केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे।

समारोह में राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर जिले के सभी विधायक, महापौर श्रीमती मीनल चौबे तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन कुमार अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और सम्मान का अवसर

राज्य खेल अलंकरण समारोह प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों के योगदान को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर आयोजित यह समारोह प्रदेश के खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts