बिलासपुर,28 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को बड़ा हादसा होने से टल गया। दिल्ली से बिलासपुर आ रही Alliance Air की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान विमान का दाहिने तरफ का पहिया फट गया। घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, राहत की बात रही कि सभी 60 यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, Alliance Air की फ्लाइट ने दिल्ली से सुबह करीब 10:55 बजे उड़ान भरी थी। करीब 2 घंटे 35 मिनट के सफर के बाद विमान बिलासपुर के बिलासा एयरपोर्ट पर लैंड करने वाला था। इसी दौरान विमान के दाहिने पहिए का टायर फट गया।

बताया जा रहा है कि टायर फटने के बाद पहिए में आग भी लग गई। इसके बाद विमान कुछ दूरी तक रनवे पर घिसटता चला गया। हालांकि, पायलट ने स्थिति को नियंत्रित किया और विमान को सुरक्षित रोक लिया।

घटना के दौरान विमान में सवार 60 यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एयरपोर्ट पर भी तत्काल सुरक्षा और आपातकालीन तैयारियां बढ़ा दी गईं। फिलहाल किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है।

प्रयागराज की उड़ान रद्द

घटना के बाद विमान की तकनीकी स्थिति की जांच की जा रही है। फिलहाल पहिए का टायर फटने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। तकनीकी जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।

वहीं, घटना के बाद क्षतिग्रस्त विमान की प्रयागराज उड़ान रद्द कर दी गई है। इस घटना ने एक बार फिर विमान की लैंडिंग के दौरान तकनीकी सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर ध्यान खींचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts