बिलासपुर,25 अगस्त 2026
बिलासपुर एयरपोर्ट को लेकर हाईकोर्ट में हुई अहम सुनवाई
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में बिलासपुर एयरपोर्ट की हवाई सुविधाओं, विस्तार और संचालन से जुड़ी जनहित याचिकाओं पर महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान Airports Authority of India (AAI) की ओर से दिए गए जवाब को अदालत के समक्ष रखा गया।
इसमें बताया गया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने बिलासपुर एयरपोर्ट के ऑपरेशनल मेंटेनेंस और विकास कार्यों की जिम्मेदारी AAI को सौंपने का प्रस्ताव दिया है।
MOU का ड्राफ्ट किया जा रहा तैयार
AAI की ओर से बताया गया कि राज्य सरकार के प्रस्ताव पर सक्रिय रूप से विचार किया जा रहा है। प्रस्ताव को लागू करने की दिशा में एक Memorandum of Understanding (MOU) का ड्राफ्ट भी तैयार किया जा रहा है।
मामले की सुनवाई कर रही खंडपीठ ने Airports Authority of India को इस विषय में अधिक देरी नहीं करने और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जल्द निर्णय लेने के निर्देश दिए।
20 अक्टूबर तक पूरा होगा जन सुविधा भवन
राज्य सरकार की ओर से उपस्थित अतिरिक्त महाधिवक्ता ने हाईकोर्ट को बताया कि एयरपोर्ट पर बन रहे जन सुविधा भवन के निर्माण कार्य में हुई देरी पर मंत्रालय और जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है।
हाईकोर्ट द्वारा निर्धारित नई समय सीमा के अनुसार 20 अक्टूबर तक जन सुविधा भवन का निर्माण कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया गया है।
इसके अलावा, एयरपोर्ट परिसर की बाउंड्री वॉल और पेरीफेरी रोड के डामरीकरण के लिए टेंडर स्वीकृत हो चुके हैं और कार्य आदेश भी जारी कर दिया गया है।
बिलासपुर-जबलपुर-दिल्ली उड़ान बंद होने का मुद्दा उठा
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आशीष श्रीवास्तव और सुदीप श्रीवास्तव ने बिलासपुर से हवाई उड़ानों की संख्या में कमी का मुद्दा उठाया।
विशेष रूप से बिलासपुर-जबलपुर-दिल्ली रूट पर उड़ान बंद होने को लेकर अदालत का ध्यान आकर्षित किया गया। इस पर राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि आगामी अक्टूबर में लागू होने वाले विंटर शेड्यूल को लेकर आवश्यक विचार-विमर्श किया जा रहा है।
सरकार ने कहा कि बिलासपुर से उड़ानों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
UDAN योजना में सभी रूट शामिल करने की मांग
याचिकाकर्ताओं की ओर से केंद्र सरकार की UDAN Scheme के तहत बिलासपुर से जुड़े सभी आवश्यक रूटों को शामिल कर प्रस्ताव भेजने की भी मांग की गई।
बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास, संचालन और हवाई कनेक्टिविटी को लेकर चल रहे इस मामले की अगली सुनवाई 29 सितंबर को निर्धारित की गई है।
AAI को एयरपोर्ट संचालन सौंपने के प्रस्ताव पर जल्द निर्णय होने से बिलासपुर की हवाई सेवाओं और एयरपोर्ट के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।



