कोरबा,21 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। उरगा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक कथित रूप से नशे में धुत्त तेज रफ्तार कार चालक ने सड़क पर मौजूद चार मवेशियों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना भैसमा पॉवर जनरेट ऑफिस के सामने की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और घटना को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थिति विवादपूर्ण होने पर 112 पुलिस सहायता सेवा को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।

चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के सदस्य भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे में वाहन चलाना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि सड़क पर मवेशियों और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

लगातार हो रहे हादसों से उठे सवाल

कोरबा जिले में सड़क हादसों में मवेशियों की लगातार हो रही मौत को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कुछ दिनों पहले दर्री थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर एक भारी वाहन की चपेट में आने से सात मवेशियों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। उस घटना के बाद भी लोगों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया था।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच स्थानीय लोगों ने सड़कों पर मवेशियों की सुरक्षा, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts