रायपुर,21 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन सुरंग में पानी भरने की दुःखद घटना में कोंडागांव जिले के 4 श्रमिकों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतक श्रमिकों के परिजनों को ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता तथा हादसे में घायल दोनों श्रमिकों को ₹50-50 हजार की सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
इस दर्दनाक हादसे में कोंडागांव जिले के ग्राम धनसुली के 2, मदनार के 1 और दहीकोंगा के 1 श्रमिक की मृत्यु हुई है, जबकि जिले के 2 श्रमिक घायल हुए हैं। दिवंगत श्रमिकों के पार्थिव शरीर कोंडागांव लाए गए, जहां परिजनों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार दुःख की इस घड़ी में पीड़ित और शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। साथ ही उन्होंने हादसे में घायल दोनों श्रमिकों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी प्रार्थना की।



