एंटरटेनमेंट डेस्क,18 अगस्त 2026

नाग पंचमी पर एकता कपूर का बड़ा ऐलान

टीवी की मशहूर प्रोड्यूसर एकता कपूर ने नाग पंचमी के मौके पर ‘नागिन’ फ्रैंचाइजी के फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। करीब 11 साल तक छोटे पर्दे पर राज करने वाली नागिन फ्रैंचाइजी अब टीवी से आगे बढ़ने जा रही है।

एकता कपूर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें ‘नागिन’ के अलग-अलग सीजन की झलक और इस फ्रैंचाइजी का हिस्सा रहीं अभिनेत्रियों को दिखाया गया है। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि कुछ रोमांचक आने वाला है

क्या बड़े पर्दे पर आएगी ‘नागिन’?

अनाउंसमेंट के बाद फैंस के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ‘नागिन’ फ्रैंचाइजी अब सिनेमाघरों में फिल्म के रूप में नजर आएगी?

एकता कपूर ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि नया प्रोजेक्ट फिल्म होगा या किसी अन्य बड़े फॉर्मेट में तैयार किया जाएगा। हालांकि वीडियो में यह संकेत जरूर दिया गया है कि ‘नागिन’ की दुनिया को टीवी से आगे ले जाने की तैयारी है।

एक साथ नजर आएंगी 6 नागिनें?

अनाउंसमेंट वीडियो में फ्रैंचाइजी के अलग-अलग सीजन की लीड अभिनेत्रियों की झलक दिखाई गई है। इसके बाद फैंस के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या मौनी रॉय, सुरभि ज्योति, सुरभि चंदना, प्रियंका चाहर चौधरी, तेजस्वी प्रकाश और निया शर्मा एक साथ नजर आ सकती हैं।

वीडियो में अदा खान और अनीता हसनंदानी की भी झलक दिखाई गई है, जिससे इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।

2015 में शुरू हुआ था ‘नागिन’ का सफर

नागिन’ फ्रैंचाइजी की शुरुआत साल 2015 में हुई थी। पहले सीजन में मौनी रॉय ने इच्छाधारी नागिन का किरदार निभाया था। शो में माइथोलॉजी, फैंटेसी, रोमांस और फैमिली ड्रामा के मिश्रण ने इसे दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया।

इसके बाद अलग-अलग सीजन में सुरभि ज्योति, निया शर्मा, सुरभि चंदना, तेजस्वी प्रकाश और प्रियंका चाहर चौधरी जैसी अभिनेत्रियों ने नागिन के किरदार निभाए।

‘नागिन 7’ में प्रियंका चाहर चौधरी लीड रोल में नजर आई थीं और यह सीजन 14 जून 2026 को खत्म हुआ था।

अब एकता कपूर के नए ऐलान के बाद ‘नागिन’ के फैंस की नजर इस बात पर है कि यह लोकप्रिय फ्रैंचाइजी टीवी के बाद किस नए और बड़े रूप में सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts