जगदलपुर, 17 अगस्त 2026। जिले में संभावित बाढ़ जैसी आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने और आम नागरिकों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 20 अगस्त को इंद्रावती नदी के छोटा पुल क्षेत्र में व्यापक मॉक ड्रिल (Mock Exercise) आयोजित की जाएगी। इस अभ्यास में विभिन्न विभागों की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता, राहत एवं बचाव कार्यों की तत्परता तथा आपसी समन्वय का परीक्षण किया जाएगा।
यह मॉक ड्रिल राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA), गृह मंत्रालय भारत सरकार, छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा मॉक ड्रिल के सफल संचालन के लिए अपर कलेक्टर सी. पी. बघेल को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न राजस्व अधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
मॉक ड्रिल के दौरान बाढ़ में फंसे लोगों के रेस्क्यू, राहत सामग्री वितरण, सुरक्षित स्थानों पर निकासी, आपातकालीन संचार व्यवस्था तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय जैसे पहलुओं का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान पुलिस, स्वास्थ्य, नगर सेना, राजस्व, जल संसाधन, विद्युत तथा अन्य संबंधित विभागों की टीमें भी सक्रिय रूप से भाग लेंगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मॉक ड्रिल के दौरान किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि यह केवल आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के लिए आयोजित एक प्रशिक्षण एवं अभ्यास कार्यक्रम है। प्रशासन का मानना है कि ऐसे अभ्यास वास्तविक आपदा की स्थिति में जनहानि और नुकसान को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इंद्रावती नदी के छोटा पुल क्षेत्र में होने वाली यह मॉक ड्रिल जिले की आपदा प्रबंधन तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




