महासमुंद,17 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद खाद्य विभाग की कार्रवाई तेज हो गई है। महासमुंद में खाद्य विभाग की टीम ने भेलसर रोड स्थित वैद्य फूड प्रोडक्ट फैक्ट्री पर देर रात छापा मारा।
मिली शिकायत के आधार पर विभागीय टीम ने करीब रात 12 बजे कार्रवाई शुरू की, जो लगभग तीन घंटे तक चली। इस दौरान फैक्ट्री में तैयार करीब 300 किलोग्राम पनीर को सील किया गया।
खाद्य विभाग की टीम ने जब्त किए गए पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। अब जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पनीर निर्धारित खाद्य मानकों के अनुरूप है या नहीं।
विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले में खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और पनीर की बिक्री को लेकर निगरानी और सख्त होने की संभावना है।



