कोरबा,17 अगस्त 2026

जिले के मिनीमाता बांगो बांध में दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 24 वर्षीय युवक के डूबने की घटना के बाद हड़कंप मचा हुआ है। रंजीत यादव ने दोस्तों से लगी शर्त के बाद बांध के बीच पानी में छलांग लगा दी थी। घटना के 48 घंटे बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

बताया जा रहा है कि रंजीत अपने दोस्तों के साथ बांगो डैम घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच बांध में छलांग लगाकर आगे निकलने की शर्त लगी। इसके बाद रंजीत ने बांध के पानी में छलांग लगा दी, लेकिन फिर वापस नहीं आया। घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है।

सूचना मिलते ही पुलिस और जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। शाम तक खोजबीन के बावजूद युवक का पता नहीं चला। तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।

इसके बाद सोमवार सुबह NDRF की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने बांध में युवक की तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया है।

बांगो बांध में बढ़ा जलस्तर, 9 गेट खोले गए

युवक की तलाश के बीच बांगो बांध का जलस्तर 94 प्रतिशत तक पहुंच गया है। बांध के 9 गेट खोले जा चुके हैं, जिसके चलते नदी-नालों में पानी का बहाव तेज हो गया है।

कोरिया और सूरजपुर जिले में हुई भारी बारिश के कारण बांध का जलस्तर बढ़ा है। टरबाइन समेत कुल 41,080 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।

तटीय बस्तियों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। वहीं, कोरबा के सीतामढ़ी में हरदेव नदी किनारे बसे करीब 10 घरों में पानी घुसने की जानकारी सामने आई है। प्रभावित परिवार घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर शरण ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts