महासमुंद,16 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दोस्तों के साथ घूमने गए एक युवक की मुडमार बांध में डूबने से मौत हो गई। हादसा महासमुंद शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित मुडमार बांध में हुआ।
मृतक की पहचान वार्ड नंबर 26 क्लब पारा निवासी 35 वर्षीय प्रणय गुर्वेकर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रणय अपने पांच दोस्तों के साथ स्वतंत्रता दिवस पर मुडमार बांध घूमने गया था। इसी दौरान वह नहाने के लिए बांध के पानी में उतरा, लेकिन गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गया।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक का शव बाहर निकलवाया।
बताया जा रहा है कि प्रणय मिक्सचर का व्यापारी था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



