नई दिल्ली,15 अगस्त 2026
देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर तिरंगा फहराया। प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार 13वीं बार लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह की सबसे खास बात रही कि लाल किले पर पहली बार आधिकारिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेना के बैंड ने इसकी धुन प्रस्तुत की। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और प्रधानमंत्री को 21 तोपों की सलामी दी गई। भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टरों से लाल किले के ऊपर फूलों की वर्षा भी की गई।
आत्मनिर्भर भारत पर PM मोदी का जोर
लाल किले से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत को अब दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रहना है, बल्कि आत्मनिर्भर बनना है। उन्होंने कहा कि देश अब छोटे सपनों से आगे बढ़कर बड़े सपनों और मजबूत संकल्पों के साथ आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों को नमन करते हुए महात्मा गांधी समेत सभी स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि कोई भी देश तब महान बनता है, जब वह अपने सपनों को हासिल करता है और अपने संकल्प व सामर्थ्य के दम पर आगे बढ़ता है।
12 साल में कई क्षेत्रों में तेज विकास
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पिछले 12 वर्षों में देश की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कई क्षेत्रों के आंकड़े सामने रखे। उन्होंने बताया कि इस अवधि में डिफेंस प्रोडक्शन चार गुना, खादी और ग्रामोद्योग पांच गुना तथा इलेक्ट्रिक मैन्युफैक्चरिंग सात गुना बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि रेलवे कोच निर्माण 21 गुना, मोबाइल फोन उत्पादन 33 गुना, इंटरनेट यूजर्स चार गुना और डिजिटल ट्रांजेक्शन 100 गुना बढ़े हैं। इसके अलावा नल से जल कनेक्शन, गैस कनेक्शन, शौचालय निर्माण और गरीबों के लिए आवास उपलब्ध कराने की रफ्तार में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
‘वोकल फॉर लोकल’ से जुड़ा हर भारतीय
पीएम मोदी ने कहा कि मेक इन इंडिया, स्वदेशी और वोकल फॉर लोकल अब हर भारतीय की सोच का हिस्सा बन रहे हैं। उन्होंने भारत की सेमीकंडक्टर निर्माण क्षमता का जिक्र करते हुए कहा कि देश ने आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
प्रधानमंत्री के मुताबिक, भारत में तीन सेमीकंडक्टर प्लांट शुरू हो चुके हैं और वहां से निर्यात भी शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में चिप का महत्व बेहद अधिक है और इसके बिना आधुनिक दुनिया की रफ्तार प्रभावित हो सकती है।
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले से प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन देश की आत्मनिर्भरता, स्वदेशी निर्माण और बड़े राष्ट्रीय लक्ष्यों पर केंद्रित रहा।



