एंटरटेनमेंट डेस्क,12 अगस्त 2026
मुंबई। इमरान हाशमी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। फिल्म की रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। एडवांस बुकिंग के आंकड़े भी फिल्म की मजबूत ओपनिंग की ओर इशारा कर रहे हैं।
पहले दिन 16 से 21 करोड़ रुपये तक कमाई का अनुमान
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘आवारापन 2’ पहले दिन करीब 16 से 21 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर सकती है। अगर फिल्म इस रेंज में ओपनिंग करने में सफल रहती है, तो यह इमरान हाशमी के करियर की सबसे बड़ी सोलो ओपनिंग बन सकती है।
ऐसा होने पर इमरान हाशमी अपनी पिछली 15 फिल्मों की ओपनिंग का रिकॉर्ड पीछे छोड़ सकते हैं। इनमें हक, ग्राउंड जीरो, सेल्फी, राज रीबूट, अजहर, हमारी अधूरी कहानी, मर्डर 2, राज 3, जन्नत 2, शंघाई, द डर्टी पिक्चर, दिल तो बच्चा है जी, राज, जन्नत और पहली आवारापन शामिल हैं।
एडवांस बुकिंग में भी शानदार रिस्पॉन्स
फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और शुरुआती आंकड़े उत्साह बढ़ाने वाले हैं। शाम 5 बजे तक 50 हजार से ज्यादा टिकट बिकने की जानकारी सामने आई है। एडवांस बुकिंग से फिल्म ने करीब 1.71 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है, जबकि ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर यह आंकड़ा करीब 3.13 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, महाराष्ट्र में एडवांस बुकिंग से करीब 70.86 लाख रुपये, जबकि दिल्ली में करीब 67.36 लाख रुपये की कमाई हुई है।
ट्रेड एक्सपर्ट्स को भी अच्छी ओपनिंग की उम्मीद
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने फिल्म की एडवांस बुकिंग के ट्रेंड को सकारात्मक बताया है। उनके मुताबिक फिल्म की टिकट बिक्री अच्छी गति से आगे बढ़ रही है। वहीं, कुछ ट्रेड एक्सपर्ट्स ने फिल्म की ओपनिंग करीब 12 करोड़ रुपये रहने का अनुमान भी जताया है।
इमरान हाशमी के साथ नजर आएंगे ये सितारे
‘आवारापन 2’ का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है। फिल्म में इमरान हाशमी, दिशा पाटनी और शबाना आजमी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म का संगीत मिथुन, अरमान मलिक, जीत गांगुली, अखिल सचदेव और राजू सिंह ने तैयार किया है। विशेष भट्ट फिल्म के निर्माता हैं, जबकि मुकेश भट्ट इसे प्रस्तुत कर रहे हैं।
सिनेमाघरों में फिल्म का मुकाबला ‘बंटवारा 1947’ से होगा। अब सभी की नजरें 14 अगस्त पर हैं कि रिलीज के बाद ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर कितनी बड़ी ओपनिंग हासिल करती है और क्या इमरान हाशमी अपने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने में कामयाब होते हैं।



