बिलासपुर,11 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मंगलवार सुबह पति-पत्नी के आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा वार्ड नंबर 12 स्थित किराए के मकान में दोनों के शव फांसी के फंदे पर लटके हुए मिले। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मध्यप्रदेश के रहने वाले थे मृतक
मृतकों की पहचान रमेश सिंह बंजारा और माया बंजारा के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जामकछार के रहने वाले थे। वे अपने दो बच्चों के साथ बिलासपुर में किराए के मकान में रहते थे। बताया गया कि रमेश इंडस्ट्रियल इलाके की एक कंपनी में काम करता था।
बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पहुंचा मकान मालिक
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 5 बजे बच्चों के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मकान मालिक रमेश कुमार साहू वहां पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोलने पर अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। पति-पत्नी फांसी के फंदे पर लटके हुए थे।
मकान मालिक ने तत्काल घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
इस घटना के बाद दोनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पति-पत्नी ने यह कदम किस वजह से उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



