रायपुर,9 अगस्त 2026

असम में बाढ़ से उत्पन्न गंभीर परिस्थितियों के बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से दूरभाष पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने संकट की इस घड़ी में असम के लोगों के साथ छत्तीसगढ़ की एकजुटता जताई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस कठिन समय में छत्तीसगढ़ की जनता असम के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदना और एकजुटता के साथ खड़ी है। उन्होंने राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से ₹5 करोड़ की सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है।

99 लोगों की मौत, 1.47 लाख से ज्यादा प्रभावित

असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। असम आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक, गोलाघाट जिले में एक और व्यक्ति की मौत हुई है। इसके साथ ही इस साल बाढ़ से मरने वालों की संख्या 99 पहुंच गई है।

वर्तमान में राज्य के 12 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें सोनितपुर, नगांव, गोलाघाट, शिवसागर, होजाई, दरांग, जोरहाट, धेमाजी, चराईदेव, कार्बी आंगलोंग, लखीमपुर और बिस्वनाथ शामिल हैं। बाढ़ से 1 लाख 47 हजार से अधिक लोग प्रभावित बताए गए हैं।

गोलाघाट में सबसे ज्यादा असर

बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित जिलों में गोलाघाट सबसे ऊपर है, जहां 61,735 लोग प्रभावित हुए हैं। इसके बाद शिवसागर में 43,492 और जोरहाट में 24,283 लोग बाढ़ की चपेट में हैं।

हालांकि, शुक्रवार की तुलना में बाढ़ प्रभावित लोगों की संख्या में कमी आई है। शुक्रवार को 13 जिले बाढ़ प्रभावित थे और प्रभावित आबादी 1.55 लाख से अधिक थी।

कई इलाकों में घर और सड़कें जलमग्न होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बड़ी संख्या में प्रभावित लोगों को अपने घर छोड़कर राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है। ऐसे समय में छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से घोषित ₹5 करोड़ की सहायता असम में राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts