नया रायपुर,5 अगस्त 2026
CM विष्णुदेव साय ने किया वन महोत्सव-2026 का शुभारंभ
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नया रायपुर में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में अपनी माँ के नाम पीपल का पौधा लगाकर वन महोत्सव-2026 का शुभारंभ किया। इसी के साथ प्रदेशव्यापी ‘Peepal for People’ अभियान की शुरुआत हुई, जिसके तहत लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में 2,500 से अधिक पीपल के पौधे लगाए गए।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण केवल पर्यावरण की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।
इस वर्ष ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान अब जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले दो वर्षों में 7 करोड़ से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है, जबकि इस वर्ष ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पौधारोपण के साथ संरक्षण भी जरूरी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सफल होगा जब पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लोगों से अपने घर, खेत, विद्यालय, कार्यस्थल या आसपास की खाली भूमि पर कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधा स्वच्छ वायु, शुद्ध वातावरण और सुरक्षित भविष्य की नींव है।
जलवायु परिवर्तन से निपटने का प्रभावी उपाय
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और प्रदूषण जैसी वैश्विक चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। यदि हर नागरिक वर्ष में एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
केदार कश्यप ने बताया हरित भविष्य का संकल्प
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि ‘Peepal for People’ अभियान केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भविष्य के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा पिछले दो वर्षों में लगभग 7 करोड़ 50 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं और नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने के साथ एक पौधा लगाने का भी आह्वान किया।
मंत्रिमंडल और जनप्रतिनिधियों ने भी किया वृक्षारोपण
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों और नागरिकों ने पीपल के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।



