रायपुर, 04 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल और नक्सल प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के तहत बीजापुर जिले में नक्सली हिंसा के 13 पीड़ितों को पुनर्वास नीति के अंतर्गत कुल 32 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
वन एवं बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार यह सहायता उन नागरिकों को प्रदान की जा रही है, जो नक्सली हिंसा में गंभीर रूप से घायल हुए हैं या स्थायी रूप से दिव्यांग हो गए हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य पीड़ितों को आर्थिक संबल देकर उन्हें सम्मानजनक जीवन और बेहतर पुनर्वास का अवसर उपलब्ध कराना है।
सहायता प्राप्त करने वालों में क्रॉस फायरिंग, आईईडी विस्फोट, बारूदी सुरंग विस्फोट और माओवादियों की मारपीट जैसी घटनाओं में घायल या दिव्यांग हुए नंदू ओयाम, जिला कुंजाम, ईस्ता बोर्रा, मितराम रावटे, कोरसे संतोष, चिड़ेम कन्हैया, कविता कुड़ियम, इच्चामी सुदरू, राममूर्ति कारम, बबलू उर्फ मोहन कड़ती, गंगा कलमू, राजेश कुमार यादव और सोढ़ी मुकेश शामिल हैं।
कलेक्टर विश्वदीप ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से शीघ्र हितग्राहियों के बैंक खातों में किया जाए, ताकि उन्हें समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
राज्य सरकार ने कहा है कि पुनर्वास नीति नक्सली हिंसा से प्रभावित नागरिकों को राहत, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। यह पहल पीड़ित परिवारों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और समर्पण को दर्शाती है।



