रायपुर, 3 अगस्त 2026

ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 की महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का आज मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी यादव को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक खिलाड़ी का नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प का सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीतते हुए यह साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और कठोर परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी।

उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने अपने सपनों को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया। उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है और यह संदेश देती है कि स्पष्ट लक्ष्य और ईमानदार मेहनत से हर मंजिल हासिल की जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले उन्होंने ज्ञानेश्वरी से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दी थीं। रजत पदक जीतने के बाद उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से भी बधाई दी थी। आज मुख्यमंत्री निवास में उनका सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गौरव और उत्सव का अवसर है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक खेल अधोसंरचना, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग और खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन करें।

उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को पहचानना, अवसर देना और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना राज्य सरकार की खेल नीति का महत्वपूर्ण आधार है। ज्ञानेश्वरी यादव जैसी खिलाड़ियों की सफलता प्रदेश के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाएगी और छत्तीसगढ़ को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts