रायपुर, 3 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के तहत दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में 1739 दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया। इस अवसर पर उन्होंने 3.58 करोड़ रुपये की लागत से सहायक उपकरण वितरित किए और इंडोर स्टेडियम के जीर्णोद्धार, मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण के लिए 7 करोड़ रुपये की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें समान अवसर, सम्मान तथा आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘दिव्यांग’ शब्द देकर देश में सम्मान और आत्मगौरव का नया भाव स्थापित किया, जिससे समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, कृत्रिम हाथ-पैर, वैशाखी, वॉकिंग स्टिक सहित कई आधुनिक सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि ये उपकरण केवल सहायता सामग्री नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और स्वावलंबन का माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर जिले में विशेष अभियान के तहत 1600 से अधिक दिव्यांगजनों की स्क्रीनिंग की गई। इस पहल के लिए भारत सरकार से 3.58 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 500 से 600 हितग्राहियों को उपकरण दिए जा चुके हैं, जबकि अब 1000 से अधिक लाभार्थियों को उपकरण वितरित किए गए हैं। इस तरह कुल 1739 दिव्यांगजन प्रोजेक्ट ‘सहारा’ से लाभान्वित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक सुरक्षा पेंशन, शिक्षा एवं रोजगार में आरक्षण, कौशल विकास, पुनर्वास और अन्य योजनाओं के माध्यम से दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र दिव्यांगजन शासन की सुविधाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मोदी की गारंटी के अधिकांश संकल्पों को धरातल पर उतार दिया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना जैसी योजनाओं से लाखों लोगों को लाभ मिला है। साथ ही ‘सेवा सेतु’ ऐप के माध्यम से 36 विभागों की 500 से अधिक सेवाएं घर बैठे उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए नागरिकों को 24×7 शिकायत और समाधान की सुविधा दी जा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट सरल और प्रोजेक्ट गोल्डन आवर का शुभारंभ किया तथा “नवाचार से प्रगति पथ पर अग्रसर रायपुर” कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। उन्होंने प्रोजेक्ट धड़कन, सुरक्षा, रेडक्रॉस, दधीचि, जिंदगी मुस्कुराएगी, निःक्षय मित्र, वंदन और गोल्डन आवर जैसे नवाचारों की सराहना करते हुए इन्हें संवेदनशील और जनकेंद्रित सुशासन का उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्रकुमार साहू, रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजन और उनके परिजन उपस्थित रहे।



