रायपुर,2 अगस्त 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुए ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत राजधानी रायपुर के लोक भवन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और स्वयंसेवी संगठनों के सदस्य शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग विकसित भारत के निर्माण में करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इसके बाद राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। साथ ही युवाओं को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

यह 100 सप्ताह तक चलने वाला राष्ट्रव्यापी अभियान 2 अगस्त 2026 से शुरू होकर देशभर में संचालित किया जाएगा। इसके तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत युवा संगठन और अन्य संस्थाओं के सहयोग से जागरूकता रैलियां, शपथ कार्यक्रम, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लघु फिल्म प्रदर्शन, सोशल मीडिया अभियान और सामुदायिक संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार श्रीमती सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts