रायपुर, 2 जुलाई 2026
अल नीनो के प्रभाव से मानसून कमजोर रहने की आशंका के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग पहले ही कमजोर मानसून की संभावना जता चुका है और सरकार लगातार किसानों को मौसम के अनुसार खेती-किसानी की योजना बनाने के लिए जागरूक कर रही है।
जांजगीर-चांपा और सक्ती दौरे पर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि किसान बारिश की उपलब्धता के अनुसार फसल और खेती की रणनीति तय करें, ताकि संभावित नुकसान को कम किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सक्ती में भाजपा जिला कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान उन्होंने मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक का भी जिक्र किया और कहा कि इस वर्ष के बजट में सरकार ने पांच मिशन शुरू किए हैं, जिनमें AI मिशन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है और इसके प्रभावी उपयोग को लेकर सरकार गंभीरता से काम कर रही है।
चरण पादुका योजना के टेंडर पर हाईकोर्ट की रोक को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया था, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे फिर से शुरू किया है और आगे भी हर साल इसका लाभ हितग्राहियों को दिया जाएगा।
वहीं 4 और 5 जुलाई को IIM रायपुर में आयोजित होने वाले चिंतन शिविर को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह तीसरा चिंतन शिविर होगा, जिसमें गुड गवर्नेंस, सरकार के कामकाज और प्रशासनिक सुधारों पर व्यापक चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सरकार को बेहतर तरीके से काम करने में मदद करते हैं।
