15 दिन का अल्टीमेटम देकर तहसीलदार संघ ने रोका आंदोलन

15 दिन का अल्टीमेटम देकर तहसीलदार संघ ने रोका आंदोलन

रायपुर, 3 जून 2026

सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित राजापुर उप तहसील में नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तुषार मानिक के साथ हुई मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। शासन के साथ सकारात्मक चर्चा और पुलिस की कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने प्रस्तावित सामूहिक अवकाश कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।

संघ के निर्णय के अनुसार प्रदेशभर के तहसीलदार, नायब तहसीलदार और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट 4 जून 2026 से अपने नियमित शासकीय कार्यों पर लौटेंगे। इससे राजस्व, न्यायालयीन, निर्वाचन, जनगणना और अन्य प्रशासनिक कार्य फिर से सामान्य रूप से संचालित होंगे।

शासन से हुई सकारात्मक चर्चा

संघ ने बताया कि 1 जून को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री और विभागीय सचिव के साथ हुई बैठक में राजापुर प्रकरण के आरोपियों की गिरफ्तारी, अधिकारियों की सुरक्षा, कार्यालयीन स्टाफ की कमी, वाहन सुविधा और न्यायालयीन कार्यों के लिए आधारभूत संरचना जैसे मुद्दे उठाए गए थे।

शासन ने आश्वासन दिया कि राजापुर मामले में त्वरित कार्रवाई की जाएगी और अन्य मांगों के समाधान के लिए चरणबद्ध प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

दो आरोपियों पर हुई कार्रवाई

सीतापुर थाना पुलिस के अनुसार नायब तहसीलदार तुषार मानिक की शिकायत पर अपराध क्रमांक 190/2026 दर्ज कर नाजिम रजा और पंकज गुप्ता के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपी पुलिस के समक्ष उपस्थित हुए हैं, जबकि मामले की जांच अभी जारी है।

15 दिनों का दिया अल्टीमेटम

संघ ने कहा कि मामले में हुई कार्रवाई सकारात्मक कदम है, लेकिन अगले 15 दिनों के भीतर शेष आरोपियों पर कार्रवाई और लंबित मांगों के समाधान की दिशा में ठोस प्रगति अपेक्षित है। अन्यथा संगठन आगे की रणनीति तय करेगा।

संघ ने कर्मचारी संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों द्वारा मिले समर्थन के लिए आभार भी व्यक्त किया।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *