दन्तेवाड़ा, 1अक्टूबर 2026। दन्तेवाड़ा पुलिस ने ₹61,06,592 के ऑनलाइन साइबर फ्रॉड मामले में राजस्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान राजस्थान के फलोदी जिले के 31 वर्षीय दिनेश के रूप में हुई है।

यह मामला गीदम थाना क्षेत्र के हारमपारा निवासी भूपेंद्र तेलामी की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत के आधार पर थाना गीदम में अपराध क्रमांक 27/2025 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 111(1)(3) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन एनालिसिस और साइबर फॉरेंसिक टूल्स की मदद से साइबर फ्रॉड में शामिल आरोपियों की पहचान की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने राजस्थान पहुंचकर आरोपी दिनेश को गिरफ्तार किया। ट्रांजिट रिमांड पर उसे दन्तेवाड़ा लाया गया और 30 सितंबर को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक खातों को किराये पर लेकर साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल करते थे। इसके बाद रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर उसके वास्तविक स्रोत और अपराध से जुड़े साक्ष्यों को छिपाने का प्रयास किया जाता था।

इस मामले में अब तक कुल 19 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस की जांच अभी जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक अशोक शर्मा, उप निरीक्षक रूपेश नारंग और आरक्षक मिथिलेश पुजारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts