जगदलपुर, 25 जुलाई 2026। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को प्रेरित करने और उनकी शंकाओं का समाधान करने के उद्देश्य से लाला जगदलपुरी केंद्रीय ग्रन्थालय में शुक्रवार को प्रेरणादायक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय खन्ना तथा सहायक कलेक्टर श्री यशवंत नायक ने अपने अनुभव साझा करते हुए सफलता के महत्वपूर्ण सूत्र बताए।
कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने कहा कि किसी भी कठिन परीक्षा में सफलता पाने के लिए निरंतरता, सही दिशा और आत्मविश्वास सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य का उद्देश्य स्पष्ट रखने की अपील करते हुए कहा कि जब तक लक्ष्य के पीछे का कारण मजबूत नहीं होगा, तब तक प्रेरणा लंबे समय तक नहीं टिकेगी। उन्होंने तैयारी के दौरान स्मार्टफोन और सोशल मीडिया से दूरी बनाने, नियमित रिवीजन करने, बेहतर प्रदर्शन पर स्वयं को प्रोत्साहित करने और प्रतिदिन गुणवत्तापूर्ण अध्ययन करने की सलाह दी। साथ ही मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रतिदिन आत्ममंथन, टहलने और गहरी सांस लेने की आदत विकसित करने पर भी जोर दिया।
जिला पंचायत के सीईओ श्री तन्मय खन्ना ने समय प्रबंधन को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि नौकरी करने वाले अभ्यर्थियों को इसे बोझ नहीं बल्कि सुरक्षा के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने उपलब्ध समय का बेहतर उपयोग करने, आसान एवं मध्यम स्तर के विषयों पर मजबूत पकड़ बनाने तथा नियमित मॉक टेस्ट देकर परीक्षा के माहौल के अनुरूप स्वयं को तैयार करने की सलाह दी।
सहायक कलेक्टर श्री यशवंत नायक ने अंतिम समय की तैयारी के लिए रिवीजन प्लान, संक्षिप्त नोट्स और फॉर्मूला शीट तैयार करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सीमित और सटीक अध्ययन सामग्री के साथ योजनाबद्ध तैयारी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन का आधार बनती है।
संवाद कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों ने सिलेबस, समय प्रबंधन, तनाव और परीक्षा की रणनीति से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल और व्यावहारिक तरीके से उत्तर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान ग्रन्थालय का माहौल उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से भरा रहा। जिला प्रशासन की इस पहल को युवाओं ने काफी सराहा और इसे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा श्री अशोक पाण्डे, ग्रन्थालय के सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा उपस्थित रहे।




