जगदलपुर | 21 जुलाई
जगदलपुर में रेड क्रॉस की मातृ शक्ति ने रक्तदान को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। महिलाओं की रक्तदान में भागीदारी बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से महारानी अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर रेड क्रॉस की मातृ शक्ति और अर्पण वेलफेयर के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के मन में रक्तदान को लेकर मौजूद डर, संकोच और गलत धारणाओं को दूर कर उन्हें स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना था। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी और जरूरत के समय मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा।
इस अवसर पर नगरनार के नियमित रक्तदाता नीलकंठ कश्यप ने अपने एक रिश्तेदार की सहायता के लिए 15वीं बार रक्तदान कर लोगों के सामने प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
वहीं महारानी अस्पताल ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि आज तक रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प विकसित नहीं हो पाया है, इसलिए मरीजों की जान बचाने के लिए स्वैच्छिक रक्तदान ही सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त भंडारण होने से दुर्घटना, ऑपरेशन, प्रसूति और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों को समय पर निशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है।
आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस अभियान से महिलाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और समाज में यह संदेश जाएगा कि रक्तदान सुरक्षित भी है और मानवता की सबसे बड़ी सेवा भी।




