मुफ्त बिजली योजना को लेकर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देश

एक ही छत के नीचे मिलेगी पंजीयन से लेकर लोन तक की सुविधा

जगदलपुर, 30 सितंबर 2026/ राज्य शासन के ऊर्जा विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के परिपालन में बस्तर जिले के नागरिकों को शासकीय योजनाओं से शत-प्रतिशत लाभान्वित किए जाने हेतु पहल किया जा रहा है। 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु अभियान के तहत जिले की सभी तहसीलों एवं विकासखंडों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जिनमें पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रचार-प्रसार को लेकर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

   कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि योजना को धरातल पर उतारने और अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ पहुंचाने के लिए प्रत्येक शिविर में न्यूनतम तीन दिनों तक विशेष स्टॉल अथवा काउंटर स्थापित किए जाएं। इन काउंटरों पर उपभोक्ताओं के ऑनलाइन पंजीयन, ऋण लोन स्वीकृति तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण की समुचित व्यवस्था रहेगी। हितग्राहियों की सुविधा और पूरी प्रक्रिया को सुगम बनाने के उद्देश्य से शिविरों में सिंगल विंडो प्रणाली लागू की जा रही है, जिसके तहत छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, संबंधित बैंकों के प्रतिनिधि तथा अधिकृत सोलर वेंडर्स एक ही स्थान पर अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे।

   योजना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके तहत सोलर रथ, घर-घर संपर्क अभियान, प्रचार सामग्री के वितरण और जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ स्थानीय प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से ग्रामीणों व शहरी उपभोक्ताओं को जागरूक किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शिविरों में स्थानीय वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति और भ्रमण सुनिश्चित करने कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक प्रेरित होकर इस योजना से जुड़ सकें। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने जिले वासियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी सेवा सेतु शिविरों में पहुंचकर इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाएं और सोलर ऊर्जा अपनाकर मुफ्त बिजली के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी सहभागिता दर्ज करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts