जगदलपुर, 23 जून 2026। समाज कल्याण विभाग द्वारा आड़ावाल, जगदलपुर में संचालित शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विद्यालय प्रबंधन ने पात्र दिव्यांग बच्चों के प्रवेश हेतु 31 जुलाई 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए हैं।

विद्यालय में दृष्टि बाधित बच्चों के लिए कक्षा पहली से 12वीं तक तथा श्रवण बाधित बच्चों के लिए कक्षा पहली से 10वीं तक अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा विद्यालय में अध्ययनरत ऐसे छात्र-छात्राएं जो 10 किलोमीटर से अधिक दूरी पर निवास करते हैं, उन्हें निःशुल्क छात्रावास, भोजन, गणवेश और पठन-पाठन सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। वहीं जगदलपुर शहर के बच्चों के लिए घर से विद्यालय तक आने-जाने की निःशुल्क बस सुविधा भी प्रदान की जाती है।

विद्यालय के अधीक्षक ने बताया कि प्रवेश के इच्छुक अभिभावक कार्यालयीन दिवस एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ विद्यालय में संपर्क कर सकते हैं। प्रवेश के लिए बच्चे का आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, चिकित्सा प्रमाण पत्र, बैंक खाता विवरण, यूडीआईडी कार्ड, ब्लड ग्रुप प्रमाण, पासपोर्ट साइज फोटो, आय प्रमाण पत्र, राशन कार्ड तथा माता-पिता के आधार कार्ड की प्रतियां आवश्यक होंगी।

प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए अभिभावक विद्यालय के दूरभाष नंबर 07782-264017 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा श्री तोमेश्वर सिन्हा (मो. 93021-29002) एवं श्री हीरालाल परते (मो. 96170-44067) से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

समाज कल्याण विभाग ने पात्र अभिभावकों से समय सीमा के भीतर आवेदन कर अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुविधायुक्त शिक्षा का लाभ दिलाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts