जगदलपुर, 27 जुलाई 2026। केंद्र सरकार की ‘रैंप’ (RAMP) योजना के अंतर्गत बस्तर जिले के जनपद पंचायत बास्तानार में स्थानीय उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को डिजिटल तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से व्यवसाय विकास सेवा प्रदाता एवं डिजिटल इंटीग्रेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार तथा राज्य सरकार की उद्यमिता प्रोत्साहन पहल के तहत सीएसआईडीसी, रायपुर के बैनर तले चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, स्थानीय उद्यमियों तथा स्वयं सहायता समूहों को डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स, ऑनलाइन भुगतान प्रणाली और सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर उनके व्यवसाय को अधिक प्रतिस्पर्धी एवं बाजारोन्मुख बनाना था। प्रशिक्षण में 40 उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यवसाय विकास, सोशल मीडिया मार्केटिंग, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के उपयोग, ऑनलाइन भुगतान, वित्तीय प्रबंधन, सरकारी योजनाओं, ऋण सुविधाओं और व्यवसाय विस्तार की रणनीतियों की विस्तृत जानकारी दी गई। स्थानीय उत्पादों जैसे अचार, बड़ी, पापड़, मसाले और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी खाद्य पदार्थों को डिजिटल माध्यम से देशभर के बाजार तक पहुंचाने के तरीकों पर विशेष जोर दिया गया।

समापन सत्र में विशेषज्ञों ने ब्रांडिंग, पैकेजिंग, उत्पाद गुणवत्ता और बाजार विस्तार के महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन देते हुए प्रतिभागियों को स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी और प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे व्यावहारिक डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।

कार्यक्रम के सफल संचालन में मास्टर ट्रेनर बीरसिंह चतुर्वेदी, जिला समन्वयक अजय कुमार साहू और बीपीएम मनोज का विशेष योगदान रहा। अंत में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts