जगदलपुर, 23 जुलाई 2026। बस्तर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरनार थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास कार्रवाई करते हुए 11.673 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ उड़ीसा के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 5 लाख 83 हजार 650 रुपये बताई गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति अपने-अपने बैग में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो बैगों में रखे 10 पैकेटों से कुल 11.673 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान ललित कुशुलिया (22 वर्ष) निवासी थाना मनीगुड़ा, जिला रायगढ़ा (उड़ीसा) तथा बिरंची गोरोडिया (19 वर्ष) निवासी थाना बिसमकट्टक, जिला रायगढ़ा (उड़ीसा) के रूप में बताई। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि दोनों आरोपी अवैध गांजे की खेप को उड़ीसा से रायपुर ले जाने की फिराक में थे। हालांकि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर तस्करी के इस प्रयास को विफल कर दिया।

जब्त किए गए गांजे को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि उड़ीसा-छत्तीसगढ़ सीमा से होकर होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts