दंतेवाड़ा, 29सितंबर 2026। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र में शराब को लेकर हुए विवाद के दौरान एक नाबालिग बालक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के करीब 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 की शाम ग्राम हितामेटा राऊतपारा निवासी नाबालिग बालक करीब 6 बजे घर से गांव के पारा में घूमने निकला था। रात करीब 8 बजे वह आरोपी बुधराम पोडियामी के घर पहुंचा। यहां शराब को लेकर दोनों के बीच विवाद और झगड़ा हो गया। आरोप है कि इसी दौरान बुधराम ने आवेश में आकर लकड़ी के छिलका/खोटला से बालक के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बालक की मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बारसूर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी बुधराम पोडियामी, पिता हिड़मा राम, उम्र 44 वर्ष, निवासी हितामेटा राऊतपारा को घटना में शामिल पाया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल लकड़ी का छिलका/खोटला बरामद कर जब्त किया गया।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

बारसूर पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 17/2026 दर्ज करते हुए धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की। आरोपी को 28 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय दंतेवाड़ा के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया है।

पुलिस ने यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार खूटे एवं उप पुलिस अधीक्षक आकांक्षा सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी बारसूर के नेतृत्व में की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts