जगदलपुर, 23 जुलाई 2026। बस्तर जिले के विकासखंड बकावंड में सिकलसेल एनीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर जांच व उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर आकाश छिकारा ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, ग्रामीणों से संवाद किया और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग, राजस्व, श्रम, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने मेडिकल बोर्ड द्वारा किए जा रहे स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त जांच, सिकलसेल स्क्रीनिंग, दवा वितरण और परामर्श की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर आकाश छिकारा एवं जनप्रतिनिधियों ने सिकलसेल एनीमिया से प्रभावित मरीजों को सिकलसेल किट और उपचार पंजी वितरित की। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, नियमित उपचार और सतत निगरानी से सिकलसेल के मरीज सामान्य जीवन जी सकते हैं। उन्होंने लोगों से परिवार के सभी पात्र सदस्यों की जांच कराने और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की।
शिविर में किशोरियों के लिए गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव हेतु निःशुल्क एचपीवी (HPV) टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की निगरानी, सुरक्षित प्रसव के लिए विशेष कॉल सेंटर एवं ट्रैकिंग व्यवस्था की जानकारी भी दी गई। श्रम विभाग ने पंजीकृत श्रमिकों को प्रसूति सहायता योजना, छात्रवृत्ति तथा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के लाभों से अवगत कराया।
दिव्यांगजनों के लिए मेडिकल बोर्ड द्वारा दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए, जिससे पात्र हितग्राहियों को पेंशन एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सिकलसेल एनीमिया के लक्षण, बचाव, उपचार और नियमित जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), आवास प्लस सर्वे और पीएम सूर्य घर योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में तहसीलदार, जनपद सीईओ, स्वास्थ्य विभाग के डॉ. ठाकुर, डॉ. मैत्री, डीपीएम रीना लक्ष्मी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




