जगदलपुर 21सितंबर 2026/रायपुर से बस्तर के बीच परचून परिवहन को लेकर सामने आ रही समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बस्तर परिवहन संघ के पदाधिकारियों ने परिवहन मंत्री केदार कश्यप से मुलाकात की। जगदलपुर के सर्किट हाउस में हुई मुलाकात के दौरान संघ अध्यक्ष प्रदीप पाठक सहित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने परिवहन व्यवस्था से जुड़ी कई शिकायतों और समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।

संघ अध्यक्ष प्रदीप पाठक ने बताया कि रायपुर के कुछ परचून ट्रांसपोर्टरों और गैरेज संचालकों पर बस्तर के छोटे वाहन मालिकों के साथ असमान व्यवहार किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। संघ के मुताबिक कुछ मामलों में वाहनों पर उनकी निर्धारित क्षमता से अधिक माल लादा जाता है, अतिरिक्त शुल्क लिया जाता है और अनलोडिंग के नाम पर भुगतान में कटौती की जाती है। संघ का कहना है कि अधिक माल ढोने के बावजूद वाहन मालिकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार ही भाड़ा मिलने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

भाड़ा बढ़ाने की चर्चा को संघ ने बताया गलत

बाजार में परिवहन भाड़ा बढ़ाए जाने की चर्चा पर भी बस्तर परिवहन संघ ने स्थिति स्पष्ट की। संघ ने कहा कि उसकी ओर से परचून परिवहन के भाड़े में किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं की गई है।

क्यू सिस्टम से बाहर लोडिंग को लेकर भी शिकायत

संघ ने क्यू सिस्टम को लेकर भी अपनी समस्या मंत्री के सामने रखी। संघ के अनुसार संगठन में 2000 से अधिक सदस्य हैं और सभी वाहन मालिकों को समान अवसर देने के लिए क्यू सिस्टम लागू है। आरोप है कि कुछ परचून ट्रांसपोर्टरों द्वारा अपनी गाड़ियों को इस व्यवस्था से बाहर रखकर तत्काल लोडिंग कराई जाती है, जबकि क्यू में लगे अन्य वाहन मालिकों को कई दिनों तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है।

बस्तर परिवहन संघ ने मांग की कि परचून परिवहन व्यवस्था में समानता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, ताकि सभी वाहन मालिकों को बराबर अवसर मिल सके। संघ ने मंत्री से इन समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई कर उचित समाधान कराने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts