महिला स्व-सहायता समूह की पहल को मिला प्रशासनिक संबल

जगदलपुर, 29 सितम्बर 2026/ पारंपरिक स्वाद और सेहत से भरपूर ढेंकी के कुटे चावल की महक अब प्रशासनिक गलियारों तक पहुँच चुकी है। ग्राम नेतानार के सूरज महिला स्व-सहायता समूह द्वारा तैयार किए गए शुद्ध एवं पारंपरिक ढेंकी चावल को अधिकारियों ने बेहद उत्सुकता से हाथों-हाथ लिया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय खन्ना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने न केवल इस जैविक चावल की गुणवत्ता की सराहना की, बल्कि स्वयं आगे आकर इसकी खरीदारी भी की।
समूह द्वारा तैयार किया गया यह चावल पूरी तरह से पारंपरिक पद्धति से ढेंकी द्वारा हाथ से कूटा गया है, जो शत-प्रतिशत प्राकृतिक और अनपॉलिशड है। आधुनिक मशीनों की पॉलिशिंग से मुक्त होने के कारण इसके आवश्यक पोषक तत्व और रेशे पूरी तरह सुरक्षित रहते हैं, जिससे इसमें परंपरा का स्वाद, सेहत का साथ और गांव की सोंधी खुशबू का अनूठा संगम देखने को मिलता है।
सीईओ श्री तन्मय खन्ना एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की गई इस पहल ने समूह की महिलाओं का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है। अधिकारियों का मानना है कि पारंपरिक और जैविक खान-पान न केवल पोषण की दृष्टि से उत्तम है, बल्कि ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम भी है। अधिकारियों की इस सीधी खरीदारी से ग्रामीण महिलाओं को अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है और स्थानीय स्तर पर आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts