जगदलपुर, 27 जुलाई 2026। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के “ज्वाइन भाजयुमो” अभियान के तहत रविवार को जगदलपुर के आड़ावाल में आयोजित विशाल सदस्यता कार्यक्रम में बस्तर जिले के 13 मंडलों से आए एक हजार से अधिक युवाओं ने भाजयुमो की सदस्यता ग्रहण की। युवाओं की भारी मौजूदगी ने कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया और भाजपा के प्रति युवाओं के बढ़ते रुझान को उजागर किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि भाजपा युवाओं को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति मानती है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के माध्यम से युवाओं को नेतृत्व, सेवा और समाजहित के कार्यों से जोड़कर विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा रहा है। उन्होंने नवसदस्यों से संगठन की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में युवा भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग युवाओं को गुमराह करने का प्रयास करते हैं, लेकिन देश के युवाओं की प्रेरणा शहीद गेंद सिंह, वीर गुंडाधुर, स्वामी विवेकानंद, चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह जैसे राष्ट्रभक्त महापुरुष हैं।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि बस्तर में हजारों युवाओं का भाजयुमो से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि युवा भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जता रहे हैं। उन्होंने नवसदस्यों से संगठन को और मजबूत बनाने तथा समाज और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो जिला महामंत्री राम प्रसाद मौर्य ने किया तथा जिला उपाध्यक्ष आनंद झा ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष पदलाम नाग, बलदेव मंडावी, महापौर संजय पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे सहित भाजपा और भाजयुमो के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

आड़ावाल में आयोजित इस सदस्यता अभियान ने साफ संकेत दिया कि बस्तर में युवाओं के बीच भाजयुमो तेजी से अपना जनाधार मजबूत कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts