रायपुर, 10 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खरीफ वर्ष 2026 के लिए किसानों को समय पर प्रमाणित बीज और उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है। कृषि विभाग और सहकारिता विभाग के समन्वित प्रयासों से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में भंडारण और वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा रही है।
जिले में अब तक 5,201.42 टन उर्वरक का भंडारण किया गया है। इनमें से 2,800.87 टन किसानों को वितरित किया जा चुका है, जबकि 2,400.56 टन उर्वरक का स्टॉक अभी उपलब्ध है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार किसानों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए अधिक भंडारण किया गया है।
इसी तरह खरीफ 2026 के लिए जिले में 4,656.50 क्विंटल प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें से 3,649.42 क्विंटल बीज किसानों को वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 1,007.08 क्विंटल बीज का सुरक्षित भंडार शेष है। विभाग लगातार बीजों की उपलब्धता और वितरण की निगरानी कर रहा है ताकि किसी किसान को कमी का सामना न करना पड़े।
राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों को खेती के हर चरण में आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराना है। गुणवत्तायुक्त बीज, पर्याप्त उर्वरक, समयबद्ध वितरण और सहकारी समितियों के माध्यम से निर्बाध आपूर्ति से खरीफ सीजन की तैयारियों को गति मिली है।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत सहकारी समितियों और अधिकृत विक्रय केंद्रों से ही प्रमाणित बीज एवं उर्वरक खरीदें तथा वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर समय पर बुवाई करें।
