रायपुर, 10 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल पहुंचाने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में जशपुर जिले के सीमांत बिरहीपानी गांव में योजना ने ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। अब गांव के सभी 129 घरों में नियमित रूप से नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
पहले गांव के लोग हैंडपंप, कुएं और पारंपरिक जल स्रोतों पर निर्भर थे। गर्मियों में जल संकट बढ़ जाता था और महिलाओं व बच्चों को पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। असुरक्षित पानी के उपयोग से जलजनित बीमारियों का खतरा भी बना रहता था।
इन समस्याओं के समाधान के लिए जल जीवन मिशन के तहत गांव में संगठित पाइप जल प्रदाय प्रणाली विकसित की गई। योजना के अंतर्गत चार उच्च स्तरीय जलागार बनाए गए और पूरे गांव में पाइपलाइन नेटवर्क बिछाकर सभी 129 परिवारों को फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (एफएचटीसी) उपलब्ध कराए गए।
अब प्रत्येक परिवार को घर पर ही स्वच्छ पेयजल मिल रहा है। इससे महिलाओं के समय और श्रम की बचत हुई है, जबकि जलजनित बीमारियों में कमी आने के साथ बच्चों की स्कूलों में नियमित उपस्थिति भी बढ़ी है।
योजना के संचालन एवं रखरखाव के लिए गांव में जल एवं स्वच्छता समिति का गठन किया गया है। जनभागीदारी के माध्यम से जलापूर्ति व्यवस्था का सफल संचालन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि घर-घर नल से जल मिलने से उनका जीवन अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक बन गया है।
