रायपुर, 7 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन के नवा रायपुर स्थित मुख्यालय में निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू की उपस्थिति में ऐक्सिस बैंक के साथ सैलरी एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर प्रबंध संचालक आशीष कुमार टिकरिहा सहित निगम एवं बैंक के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
एमओयू के तहत ऐक्सिस बैंक में सैलरी अकाउंट खुलवाने वाले नियमित कर्मचारियों एवं दैनिक वेतन श्रमिकों को 1.10 करोड़ रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा तथा 10 लाख रुपये का प्राकृतिक मृत्यु बीमा निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अलावा कर्मचारी की मृत्यु की स्थिति में उनके परिवार को 8 लाख रुपये तक की शिक्षा सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं 2,499 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर 30 लाख रुपये तक का हेल्थ टॉप-अप कवर और 30 लाख रुपये का पर्सनल एक्सीडेंट कवर भी उपलब्ध होगा।
निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने कहा कि इस एमओयू से कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं, बीमा सुरक्षा और वित्तीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर बैकोंठपुर (जिला-कोरिया) निवासी श्रीमती पूनम कूजुर को सीसीएच (चतुर्थ श्रेणी) पद पर अनुकंपा नियुक्ति आदेश भी प्रदान किया गया। कर्मचारियों ने इस पहल के लिए निगम प्रबंधन और अध्यक्ष चंदूलाल साहू के प्रति आभार व्यक्त किया।
