रायपुर, 20 जून 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के सलियाटोली ग्राम में निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। करीब 4.37 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रहे 250 सीटर अत्याधुनिक अध्ययन केंद्र के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर युवाओं को अध्ययन, मार्गदर्शन और आत्मविकास के लिए आधुनिक एवं प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराएगा।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि परिसर का प्लिंथ लेवल कार्य पूरा हो चुका है और शेष निर्माण कार्य तेजी से जारी है। मुख्यमंत्री ने निर्धारित समयावधि में परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए।
24 घंटे पढ़ाई की सुविधा, 50 हजार से ज्यादा किताबें
निर्माणाधीन नालंदा परिसर को आधुनिक शैक्षणिक जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। यहां विद्यार्थियों को 24 घंटे अध्ययन की सुविधा मिलेगी। परिसर में इंडोर और आउटडोर स्टडी जोन, ऑक्सी रीडिंग जोन, डिजिटल लाइब्रेरी, वाई-फाई जोन और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित 50 हजार से अधिक पुस्तकों की व्यवस्था की जाएगी।
सौर ऊर्जा और हरित परिसर पर जोर
परिसर को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए सौर ऊर्जा आधारित प्रणाली विकसित की जाएगी। साथ ही यहां 50 से अधिक देशी प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर और प्राकृतिक वातावरण मिल सके।
यूथ टावर, स्पोर्ट्स कोर्ट और स्मार्ट एंट्री सिस्टम
युवाओं के समग्र विकास के लिए परिसर में यूथ टावर, स्पोर्ट्स कोर्ट, कैफेटेरिया, एटीएम और हेल्थ जोन जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इसके अलावा आरएफआईडी आधारित प्रवेश प्रणाली, बायोमेट्रिक पहचान व्यवस्था और आधुनिक पुस्तक प्रबंधन प्रणाली जैसी स्मार्ट सुविधाएं इसे तकनीक-सक्षम अध्ययन केंद्र बनाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे नवाचारपूर्ण शैक्षणिक केंद्र युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के बेहतर अवसर देंगे और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


