रायपुर, 19 जून 2026
मुख्यमंत्री निवास में गुरुवार रात हुई मंत्रियों की मैराथन बैठक को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि बैठक में मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच कामकाज को लेकर जबरदस्त घमासान हुआ और सरकार के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।
दीपक बैज ने कहा कि मंत्रियों को अपने-अपने क्षेत्रों से तत्काल मुख्यमंत्री निवास पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। उनके अनुसार रात 8 बजे से 2 बजे तक चली बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के कामकाज पर सवाल उठाए, जबकि मंत्रियों ने भी मुख्यमंत्री के कार्यों की समीक्षा किए जाने की बात कही। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा संगठन और सरकार के बीच समन्वय की कमी है तथा सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि अब यह देखने का विषय है कि आगे सरकार में क्या निर्णय होते हैं।
इस दौरान दीपक बैज ने राज्य में शराब की ओवर रेटिंग का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि शराब की प्रत्येक बोतल पर वसूला जा रहा अतिरिक्त पैसा किसके पास पहुंच रहा है। उन्होंने इस मामले में जांच की भी मांग की।
वहीं, कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री को अपने मंत्रिमंडल को संभालना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सरकार के भीतर ही असंतोष की स्थिति बनी हुई है।
इसके अलावा महाराष्ट्र के विधायक प्रतिनिधिमंडल के धान खरीदी अध्ययन दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल को सीधे किसानों से बातचीत कर वास्तविक स्थिति जाननी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने धान खरीदी की प्रक्रिया को पहले की तुलना में अधिक जटिल बना दिया है।


