कोरबा/बिलासपुर/रायगढ़, 30 मई 2026

छत्तीसगढ़ में शनिवार शाम मौसम के अचानक बदले मिजाज ने कई जिलों में तबाही मचा दी। तेज आंधी, तूफान और बारिश के बीच कोरबा जिले में दर्दनाक हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि बिलासपुर और रायगढ़ में बिजली व्यवस्था ठप होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार पाली थाना क्षेत्र के चोरका दांड गांव में बारिश से बचने के लिए तीन युवक एक पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान तेज आंधी के कारण पेड़ की बड़ी डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान शिवराम टेकाम (14 वर्ष), कमलेश बड़ा (18 वर्ष) और दिनेश तिर्की (17 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आपस में दोस्त थे और एक ही गांव के निवासी थे। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।

वहीं बिलासपुर में नवतपा की भीषण गर्मी के बीच हुई झमाझम बारिश से लोगों को राहत तो मिली, लेकिन बारिश शुरू होते ही शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। अचानक हुए ब्लैकआउट ने विद्युत विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए।

उधर रायगढ़ में भी तेज आंधी और बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। शहर की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई और कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके अलावा सुभाष चौक में एक बड़ा होर्डिंग सड़क पर गिर गया, हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और कई लोग बाल-बाल बच गए।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के पास खड़े न होने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts