रायपुर,12 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में महज 24 घंटे के भीतर हत्या की दो अलग-अलग घटनाओं ने शहर में सनसनी फैला दी है। पहली घटना में आपसी विवाद के दौरान एक युवक की धारदार हथियार से सीने पर हमला कर हत्या कर दी गई। वहीं दूसरी वारदात में एक युवक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई और पहचान छिपाने के लिए शव को गटर (मेनहोल) में डालकर ढक्कन बंद कर दिया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों और संदेहियों को गिरफ्तार करने अथवा हिरासत में लेने की कार्रवाई की है।

आपसी विवाद में युवक के सीने पर किया धारदार हथियार से हमला

पहली घटना आजाद चौक थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर की रात लाखेनगर चौक में ईदगाह भाठा निवासी शेख नाजिर (41 वर्ष) और मोहम्मद यूनुस (25 वर्ष) के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान शेख नाजिर ने लोहे के धारदार हथियार से मोहम्मद यूनुस के सीने पर हमला कर दिया।

हमले में यूनुस गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस ने जांच शुरू की और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में साक्ष्य जुटाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

अपहरण के बाद युवक की हत्या, शव मेनहोल में छिपाया

दूसरी सनसनीखेज वारदात तेलीबांधा थाना क्षेत्र से जुड़ी है। यहां एक युवक का अपहरण कर कमल विहार (कौशल्या माता विहार) के सेक्टर-13 में उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर मृतक के कपड़े उतारकर जला दिए और शव को मेनहोल में डालकर ऊपर से ढक्कन बंद कर दिया।

मृतक की पहचान निरंजन पाल के रूप में हुई है। परिजनों ने बुधवार को उसके अपहरण की शिकायत तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई थी। जानकारी के मुताबिक, युवक को काशीराम नगर इलाके से अगवा कर कमल विहार सेक्टर-13 ले जाया गया था। वहां सुनसान जगह पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।

बाइक को नदी में फेंककर सबूत मिटाने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के इरादे से मृतक के कपड़े जलाए तथा शव को मेनहोल में छिपा दिया। इसके बाद उसकी बाइक को भी ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। बाइक को मुजगहन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नदी में फेंक दिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और FSL की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदेहियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मेनहोल से युवक का शव बरामद किया।

पुरानी रंजिश की आशंका, पुलिस जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निरंजन पाल की हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

राजधानी में लगातार सामने आई इन दो वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस दोनों मामलों में साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts