जशपुर/रायपुर,9 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को बगिया स्थित अपने कैम्प कार्यालय में 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपए की बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र के 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।

खरीफ के साथ रबी फसल को भी मिलेगा पानी

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पर्याप्त सिंचाई सुविधा नहीं होने के कारण किसानों को कई बार मौसम और बारिश पर निर्भर रहना पड़ता है। बगिया बैराज परियोजना पूरी होने से किसानों की यह समस्या काफी हद तक दूर होगी।

उन्होंने कहा कि परियोजना से किसानों को खरीफ के साथ रबी फसल के लिए भी सिंचाई का पानी मिल सकेगा। इससे किसान साल में एक से अधिक फसल ले पाएंगे और उनकी आमदनी बढ़ाने के नए रास्ते खुलेंगे।

मोबाइल से संचालित होगी सिंचाई व्यवस्था

इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी आधुनिक तकनीक आधारित सिंचाई व्यवस्था है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना का संचालन मोबाइल के माध्यम से किया जा सकेगा। छत्तीसगढ़ में आधुनिक तकनीक पर आधारित यह अपनी तरह की पहली परियोजना है। इससे जल प्रबंधन अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को सालभर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। समय पर पानी मिलने से कृषि उत्पादन बढ़ेगा और खेती में नई संभावनाएं विकसित होंगी। सरकार का प्रयास है कि किसानों को आधुनिक सिंचाई सुविधाएं मिलें, खेती की लागत कम हो और उनकी आय में लगातार वृद्धि हो।

मैनी नदी पर ग्राम मुसकुटी में बनेगा बैराज

उल्लेखनीय है कि बगिया बैराज का निर्माण मैनी नदी पर ग्राम मुसकुटी में किया जाएगा। यह निर्माण नदी पर स्थित पुल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर प्रस्तावित है। परियोजना से बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली और बांसबहार सहित आसपास के कुल 13 गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी।

परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में सिंचाई का विस्तार होगा और कृषि आधारित आजीविका को मजबूती मिलेगी। किसान वर्षा पर निर्भरता कम कर बेहतर तरीके से खेती कर सकेंगे।

हजारों किसान परिवारों की खुशहाली का बनेगी आधार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परियोजना के भूमिपूजन पर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल सिंचाई सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि हजारों किसान परिवारों की खुशहाली और जशपुर के कृषि विकास की मजबूत आधारशिला साबित होगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts