रायपुर,9 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नए अवसर उपलब्ध कराने और निर्यात कारोबार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 12 नवंबर 2026 को रायपुर में एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के वाणिज्य विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला का विषय ‘मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाना (Leveraging Free Trade Agreements-FTAs)’ रखा गया है। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से होटल बेबीलोन इंटरनेशनल, वीआईपी रोड, रायपुर में आयोजित होगा।

निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के अवसरों की मिलेगी जानकारी

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ के वर्तमान और संभावित निर्यातकों को भारत के विभिन्न मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) के तहत उपलब्ध व्यापारिक अवसरों की जानकारी देना है। इसके साथ ही निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ाने और राज्य के उत्पादों की निर्यात संभावनाओं का विस्तार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

यूके, ओमान, न्यूजीलैंड, UAE और ऑस्ट्रेलिया पर विशेष फोकस

कार्यशाला में यूनाइटेड किंगडम (UK), ओमान, न्यूजीलैंड, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और ऑस्ट्रेलिया जैसे महत्वपूर्ण एवं उभरते बाजारों में उपलब्ध व्यापारिक संभावनाओं पर विशेष चर्चा होगी। भारत द्वारा विभिन्न देशों के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौतों के तहत भारतीय उत्पादों को कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में शून्य या रियायती आयात शुल्क का लाभ मिल सकता है। इससे भारतीय निर्यातकों को वैश्विक बाजारों में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त हासिल करने के अवसर मिलेंगे।

क्षेत्र-विशिष्ट सत्रों में होगी व्यावहारिक चर्चा

कार्यशाला में विभिन्न क्षेत्रों के लिए सेक्टर-स्पेसिफिक ब्रेकआउट सेशन आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में निर्यात के लिए संभावित उत्पादों, व्यापारिक अवसरों, उत्पत्ति के नियम (Rules of Origin), गैर-शुल्क बाधाओं (Non-Tariff Barriers) और मुक्त व्यापार समझौतों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

इन सत्रों का उद्देश्य निर्यातकों को केवल सैद्धांतिक जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराना है, ताकि वे मुक्त व्यापार समझौतों के अंतर्गत मिलने वाले लाभों का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकें।

वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों की रहेगी उपस्थिति

कार्यक्रम में भारत सरकार के वाणिज्य विभाग, भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) तथा छत्तीसगढ़ शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति अपेक्षित है। कार्यशाला के माध्यम से राज्य के निर्यातकों को वैश्विक व्यापार की बदलती संभावनाओं से जोड़ने और छत्तीसगढ़ के निर्यात क्षेत्र को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts