रायपुर, 05 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके लिए नवा रायपुर अटल नगर स्थित प्रशासन अकादमी में आयोजित मास्टर ट्रेनर्स के प्रथम बैच का चार दिवसीय प्रशिक्षण 5 नवंबर को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। राज्य में जनगणना के दूसरे चरण का मैदानी कार्य 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवार के प्रत्येक सदस्य की गणना करेंगे।
दूसरे चरण में 66 हजार प्रगणक और पर्यवेक्षक होंगे तैनात
जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए प्रशिक्षित और दक्ष मानव संसाधन तैयार किए जा रहे हैं। दूसरे चरण में प्रदेशभर में लगभग 66 हजार प्रगणक एवं पर्यवेक्षक मैदानी स्तर पर जिम्मेदारी संभालेंगे।
इनके प्रशिक्षण के लिए जिलों द्वारा 1,120 फील्ड ट्रेनर्स नामित किए गए हैं। वहीं, फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित करने के लिए जिलों से 47 और जनगणना कार्य निदेशालय से 13 सहित कुल 60 मास्टर ट्रेनर्स नियुक्त किए गए हैं।
प्रशासन अकादमी में आयोजित हुआ प्रशिक्षण
भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ में मास्टर ट्रेनर्स का राज्यस्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण मुख्य सचिव के मार्गदर्शन तथा जनगणना की राज्य नोडल अधिकारी एवं गृह विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारीक और जनगणना कार्य निदेशालय, छत्तीसगढ़ के निदेशक कार्तिकेया गोयल के दिशा-निर्देशों में आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण दो बैचों में पूरा किया जाएगा। प्रथम बैच का प्रशिक्षण 2 नवंबर से 5 नवंबर 2026 तक चला। इसमें छत्तीसगढ़ के लिए नामित राष्ट्रीय प्रशिक्षक अशोक मिश्र और प्रदीप कुमार साव, दोनों संयुक्त निदेशक, ने प्रशिक्षण प्रदान किया।
16 जिलों के मास्टर ट्रेनर्स हुए शामिल
प्रथम बैच में प्रदेश के 16 जिलों के मास्टर ट्रेनर्स ने हिस्सा लिया। इनमें मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार-भाटापारा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले शामिल रहे।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना के दूसरे चरण की प्रक्रिया, प्रश्नावली, प्रगणना की तकनीकी बारीकियों, मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग, आंकड़ों के संकलन और गुणवत्ता सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स को प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने के लिए तैयार किया गया।
16 से 19 नवंबर तक दूसरे बैच का प्रशिक्षण
मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण की अगली कड़ी में दूसरा बैच 16 से 19 नवंबर 2026 तक नवा रायपुर अटल नगर स्थित प्रशासन अकादमी में आयोजित किया जाएगा। इस बैच को भी दोनों राष्ट्रीय प्रशिक्षक प्रशिक्षण देंगे।
इसके बाद प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित करेंगे। फिर फील्ड ट्रेनर्स प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। इस बहुस्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था के माध्यम से प्रदेश के सभी जनगणना कार्यकर्ताओं को मैदानी कार्य के लिए तैयार किया जाएगा।
25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक होगी जनगणना
गौरतलब है कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण यानी मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य छत्तीसगढ़ में 1 से 30 मई 2026 तक सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। अब दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की गणना सुनिश्चित की जाएगी।
इस राष्ट्रीय दायित्व को व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के लिए प्रशिक्षण के सभी स्तरों पर तकनीकी दक्षता, आंकड़ों की शुद्धता, समयबद्धता और जवाबदेही पर विशेष जोर दिया जा रहा है। राज्य में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलने वाला मैदानी कार्य जनगणना की तैयारियों का महत्वपूर्ण चरण होगा।



