रायपुर, 2 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव सट्टा ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से गिरफ्तार कर भारत लाया गया है। इस गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे बड़ी सफलता बताया है। उन्होंने इस कार्रवाई के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) और केंद्रीय जांच एजेंसियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में जल्द ही कई बड़े खुलासे होंगे।

CM साय ने गिरफ्तारी को बताया बड़ी सफलता

सोमवार सुबह रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महादेव सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए CBI लगातार प्रयास कर रही थी। अब आरोपी की गिरफ्तारी जांच एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूछताछ के बाद इस मामले में कई महत्वपूर्ण खुलासे होंगे।

ओमान में रॉयल ओमान पुलिस ने लिया हिरासत में

CBI की ओर से 1 नवंबर 2026 को जारी जानकारी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसी के आधार पर उसकी तलाश ओमान में की गई, जहां रॉयल ओमान पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।

इसके बाद CBI और प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उसके खिलाफ जुटाए गए साक्ष्यों के साथ ओमान सरकार को औपचारिक प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजा। भारत सरकार की विभिन्न एजेंसियों, इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो और ओमान के संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की गई।

अनुमति मिलने के बाद CBI की विशेष टीम मस्कट पहुंची और सौरभ चंद्राकर को भारत लेकर आई।

मेडिकल जांच के बाद रायपुर लाया जाएगा आरोपी

CBI के अनुसार, भारत पहुंचने के बाद सौरभ चंद्राकर की मेडिकल जांच कराई गई। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उसे रायपुर लाया जाएगा। 2 नवंबर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में उसकी पेशी होगी।

13 FIR की जांच कर रही है CBI

महादेव सट्टा ऐप से जुड़े मामलों की जांच CBI कर रही है। राज्य सरकार की ओर से इस मामले से संबंधित 13 FIR जांच के लिए CBI को सौंपी गई थीं। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी सौरभ चंद्राकर के खिलाफ अभियोजन शिकायत (प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट) दाखिल की है।

सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी को इस मामले की जांच में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। अब आरोपी से पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts